मुख्यमंत्री धामी की घोषणा से चन्दर नगर को मिली सौगात
देहरादून,05 मई (हि.स.)। राजपुर रोड विधानसभा के वार्ड 20 में मुख्यमंत्री की घोषणा से चन्दर नगर के लोगों को नई सौगात मिली है। मंगलवार को नाला रोड पर स्थित पुल से त्यागी रोड तक भूमिगत किये गये चन्दर नगर नाले का सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज एवं मंत्री खजाना दास ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सिचाई मंत्री ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुये कहा कि आपका विधायक खजान दास जो कर्मठ व जनप्रिय नेता हैं,वह सदैव क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते रहते हैं। इसी का परिणाम है कि आज हम आपके क्षेत्र में 3.83 करोड़ की लागत के कार्य का लोकार्पण कर रहे हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार लगातार प्रदेश एवं क्षेत्र के विकास के लिये निरन्तर कार्य कर रही है। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता के द्वार जनता की सरकार के संकल्प के रूप में जन कल्याणकारी योजनाएं बनाकर प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रहे हैं।
श्री दास ने कहा कि खुले नाले के कारण क्षेत्रवासियों को नाले में पानी भरने व गन्दगी से बिमारियों एवं संक्रमण का खतरा बना रहता था,जिससे अब क्षेत्रवासियों को निजात मिलेगी। इसके साथ-साथ भूमिगत किये गये नाले के ऊपर आरसीसी बाक्स एवं सम्पर्क मार्ग का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को मोटर मार्ग के आवागमन की भी सुविधा मिली है। चन्दर नगरवासियों के लिये किसी मील के पत्थर से कम साबित नहीं होगी।
इस पर दायित्वधारी अशोक वर्मा,मधु भट्ट,श्याम अग्रवाल,भगवत प्रसाद मकवाना,भाजपा के वरिष्ठ नेता रेलवे बोर्ड के सदस्य गोपाल पुरी,विशाल गुप्ता,गुरप्रीत छाबड़ा,मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा,पंकज शर्मा,पार्षद रोहन चन्देल,पूर्व पार्षद देवेंद्रपाल मोंटी,जयपाल वाल्मीकि,मण्डल महामंत्री राहुल पंवार, विमला थपलियाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

