भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण होगा व्यापक: सीएम

WhatsApp Channel Join Now
भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण होगा व्यापक: सीएम


नई टिहरी, 13 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर चौरास स्थित स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भारत भ्रमण पर जाने वाले 68 मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत दर्शन उन्हें देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

रविवार को चौरास में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों से सीखने तथा अनुभवों को साथियों से साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और उत्तराखंड के विकास की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन पहल के 10 वर्ष पूरे होने पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है। इस वर्ष करीब 1000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है, जिसे भविष्य में 2000 तक बढ़ाने का प्रयास है। विधायक कंडारी ने कहा कि योजना से विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिली है।

10वें संस्करण के तहत 68 विद्यार्थी एवं शिक्षक 16 सितंबर को रवाना होंगे। भ्रमण में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक स्थलों एवं प्रमुख संस्थानों का अवलोकन कराया जाएगा। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों सहित उत्कृष्ट लेखन के लिए कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गढ़वाल विवि के वीसी श्रीप्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अचला खंडलेवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी, नरेंद्र कुंवर मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story