ब्रह्मकपाल में पिंडदान के साथ पितृ पक्ष का विश्राम

WhatsApp Channel Join Now
ब्रह्मकपाल में पिंडदान के साथ पितृ पक्ष का विश्राम


गोपेश्वर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सर्वपितृ अमावस्या पर शनिवार को बदरीनाथ धाम के ब्रह्मकपाल तीर्थ में हजारों श्रद्धालुओं ने पिंडदान और तर्पण किया। अलकनंदा तट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पितरों का श्राद्ध कर उनकी आत्मशांति और मुक्ति की कामना की। तीर्थ पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके साथ ही पितृ पक्ष का समापन हो गया। इस दौरान पौने दो लाख श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि नौ अक्टूबर तक बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 36,50,112 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें बदरीनाथ में 19,57,224 और केदारनाथ में 16,92,888 श्रद्धालु शामिल हैं। हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या 56 लाख पहुंच गई है। दोनों धामों के लिए अब तक 45,19,544 पंजीकरण हुए हैं। इनमें बदरीनाथ के लिए 21,75,347 और केदारनाथ के लिए 23,44,197 पंजीकरण शामिल हैं। हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण का आंकड़ा 71 लाख पहुंच गया है।

रविवार से शारदीय नवरात्र शुरू होंगे। इस अवसर पर बदरीनाथ मंदिर परिसर में घटस्थापना की जाएगी। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखदव सुरक्षित यात्रा की कामना की।

इस दौरान बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ समेत मंदिर समिति के अधिकारी, कर्मचारी और तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story