बूंखाल मेले की तैयारियों का संयुक्त मजिस्ट्रेट ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बूंखाल मेले की तैयारियों का संयुक्त मजिस्ट्रेट ने लिया जायजा


पौड़ी गढ़वाल, 04 नवंबर (हि.स.)। आगामी 5 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बूंखाल मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देशन में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने मंगलवार को मेला स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने मेला स्थल पर वाहनों के आवागमन के प्रस्तावित मार्गों, पार्किंग, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही भंडारों के लिए निर्धारित स्थलों, दुकानों की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मंदिर तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पैदल मार्ग को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

साथ ही यातायात एवं पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मेले के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारू रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने उरेडा विभाग को मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग पर पर्याप्त सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं मेले से पहले पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शिवम मित्तल, एआरटीओ मंगल सिंह, तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775118 Articles

Share this story