बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के छह चिकित्सकों के स्थानांतरणों का विरोध

WhatsApp Channel Join Now
बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के छह चिकित्सकों के स्थानांतरणों का विरोध


नैनीताल, 01 जुलाई (हि.स.)। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय से फिजिशियन और सर्जन सहित छह चिकित्सकों के शासन ने स्थानांतरण कर दिये हैं। इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है, और उन्होंने इसका विरोध किया है। उन्होंने चिकित्सकों के स्थानांतरण आदेश निरस्त कर अस्पताल में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां किए जाने की मांग उठाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दिन पूर्व पूरे प्रदेश में हुए चिकित्सकों के बड़े स्तर पर हुए स्थानांतरणों के साथ जिला चिकित्सालय में तैनात एसएमओ यानी सीनियर मेडिकल आफीसर डॉ. अनिरुद्ध गंगोला, फिजीशियन डॉ. एमएस दुग्ताल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र रावत, ईएनटी यानी आंख, नाक व कान विशेषज्ञ डॉ. मोनिका कांडपाल, सर्जन डॉ. वीके मिश्रा व पैथोलॉजिस्ट डॉ. ममता पांगती का स्थानांतरण किया गया है। इस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुखर होकर विरोध जताया है।

इस मामले पर आज स्थानीय विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल तथा नैनीताल होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट व महासचिव वेद साह, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत व भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की व दयाकिशन पोखरिया आदि ने बुधवार को जिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल से मुलाकात कर इस संबंध में अपना विरोध दर्ज कराया। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहले से ही चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में छह चिकित्सकों के स्थानांतरणों से रोगियों को उपचार में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

विधायक सरिता आर्या ने कहा कि जिला चिकित्सालय को दुर्गम से सुगम घोषित किए जाने के बावजूद यहां अब तक सुगम श्रेणी जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं और चिकित्सकों एवं अन्य संसाधनों की कमी पहले से बनी हुई है, इसलिए वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों का स्थानांतरण उचित नहीं है। अन्य उपस्थित लोगों ने भी चिकित्सकों के स्थानांतरण आदेश वापस लेने तथा रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story