बाहरी और चहेतों को औने-पौने दाम पर सरकारी परिसंपत्तियां बेचने का लगाया आराेप

WhatsApp Channel Join Now
बाहरी और चहेतों को औने-पौने दाम पर सरकारी परिसंपत्तियां बेचने का लगाया आराेप


नई टिहरी, 16 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार पर सरकारी परिसंपत्तियों को बाहरी लोगों और पूंजीपतियों को औने-पौने दाम पर बेचने का आरोप लगाया है। कहा कि बेश्कीमती जमीन, सरकारी निरीक्षण भवन, बागवानी की जमीनें और अन्य परिसंपत्तियों को यूआईआईडीबी (उत्तराखंड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर बोर्ड) की आड़ में चहेतों को बेचा जा रहा है। जिसका कांग्रेस हर स्तर पर विरोध करेगी। इस मौके पर नवनियुक्त जिला मीडिया प्रभारी लखवीर चौहान को नियुक्ति पत्र भी दिया गया।

बुधवार को नई टिहरी में पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडलवाल, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, नरेंद्र रमोला और शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि सरकार पटवाडांगर नैनीताल, अलकनंदा होटल हरिद्वार, लोनिवि निरीक्षण भवन ऋषिकेश, रानीखेत, उत्तरकाशी, दुग्गल बिट्टा, गुप्तकाशी, फाटा, यूजेवीएनएल डाकपत्थ्र की भूमि की अरबों रूपये की भूमि और भवनों को अपने चहेतों को लीज पर देकर इनका सौदा कर रही है। यही नहीं धनोल्टी और मगरा फलपट्टी टिहरी की भूमि पर रिजॉर्ट, पाटकोट, कॉर्बेट की सीमा की भूमि, नगवा चकरौता, माजरी ग्रांट, मार्चुला, एचएमटी रानीबाग, रामगढ़, आईडीपीएल, राजकीय उद्यान लिस्टाबाद की भूमि की नीलामी तैयार की जा रही है। जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। कांग्रेस आरोप पत्र समिति के अध्यक्ष व पूर्व पीसीसी चीफ करण माहरा की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।

पार्टी विधानसभा चुनाव में भी इसे बड़ा मुद्दा बनाऐगी। इस मौके पर शहर अध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, आनंद सिंह बेलवाल, देवेंद्र नौडियाल, रोशन नौटियाल, शांति शाह, ज्ञान सिंह बिष्ट, इमरान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story