बास्केटबॉल बालक वर्ग में डीएवी और बालिका वर्ग में डीपीएस रानीपुर बने चैंपियन
हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित 13वीं जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चैंपियनशिप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में राजा गार्डन स्थित ओलिविया स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालक और बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
बालक वर्ग के फाइनल में डीएवी पब्लिक स्कूल और एंजिल पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला खेला गया। मैच की शुरुआत से ही डीएवी की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और शानदार तालमेल के साथ अंक जुटाते हुए एंजिल पब्लिक स्कूल को 47-25 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
वहीं, बालिका वर्ग का फाइनल डीएवी पब्लिक स्कूल और डीपीएस रानीपुर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन डीपीएस रानीपुर की टीम ने बेहतर रणनीति और संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए 27-20 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर, चेयरमैन रवि बजाज, सचिव संजय चौहान, भाजपा के सहमीडिया प्रभारी विकास तिवारी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य कोरियन एंटनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और उत्साह से खिलाड़ी खेलों में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि बौद्धिक क्षमताओं के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि इस चैंपियनशिप में जनपद के विभिन्न स्कूलों की कुल 25 टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
समापन अवसर पर लक्ष्य शर्मा, इंद्रेश गौड़, अमन कुमार, कमल, प्रेम सहित अन्य खेल प्रेमी और अभिभावक भी मौजूद रहे। यह प्रतियोगिता खिलाडि़यों के लिए न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बनी, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा भी प्रदान कर गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

