बाल सुरक्षा को लेकर शिक्षकों को किया जागरूक बच्चों से मारपीट और दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं

WhatsApp Channel Join Now
बाल सुरक्षा को लेकर शिक्षकों को किया जागरूक बच्चों से मारपीट और दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं


पौड़ी गढ़वाल, 23 सितंबर (हि.स.)।जनपद पौड़ी गढ़वाल में बाल सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम ने विकासखंड रिखणीखाल के ग्राम ढिकोलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज कर्तिया का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं से संवाद कर बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

केस वर्कर धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक हिंसा, मारपीट, दुर्व्यवहार या अपमानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के साथ बाल-अनुकूल एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी सुरक्षा और गरिमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सीखने और विकास के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए। इसके लिए शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहने के लिए जागरूक किया। शिक्षकों से कहा गया कि बच्चों के व्यवहार में किसी तरह का असामान्य बदलाव, भय, परेशानी या असुरक्षा के संकेत दिखाई देने पर उसे गंभीरता से लिया जाए और बच्चे की समस्या को समझने का प्रयास किया जाए। बच्चों के साथ संवाद करते समय उनकी गरिमा और भावनाओं का सम्मान करने पर भी जोर दिया गया।

टीम ने कहा कि बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय में सुरक्षित, सकारात्मक और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना जरूरी है। किसी भी बच्चे के साथ हिंसा अथवा दुर्व्यवहार की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित स्तर पर तत्काल सूचना देने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story