बाल सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)।रेनबो पब्लिक स्कूल, श्रीनगर में सोमवार को बाल संरक्षण, बाल अधिकार एवं बाल सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, सहायता सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी ने पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा यौन अपराधों से बचाव के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अन्य बच्चों को भी जागरूक करने की अपील की।
जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने बाल अधिकारों, बच्चों के सर्वांगीण विकास और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर संवाद किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रीति बिष्ट ने विद्यार्थियों को विधिक सेवाओं और कानूनी सहायता की जानकारी दी। इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या रेखा उनियाल समेत शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

