बाल कटवाने निकला युवक रहस्यमयी ढंग से लापता, तीन महीने बाद भी सुराग नहीं

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 30 नवंबर (हि.स.)। लक्सर के नगला खुर्द निवासी 40 वर्षीय हुसन अली तीन महीने बीत जाने के बाद भी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। मामले में पुलिस ने अब मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक हरीश गैरोला को सौंप दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुसन अली पुत्र इलियास निवासी ग्राम नगला खुर्द 28 सितंबर की शाम करीब 6.30 बजे घर से बाल कटवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन पूरे इलाके, रिश्तेदारों व परिचितों में तलाश करते रहे, किंतु कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

भाई खुशनसीब पुत्र मौ. यूसुफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हुसन अली का फोन भी बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने उसकी हुलिया जानकारी देते हुए उसकी शीघ्र बरामदगी की मांग की है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। लापता होने के कई दिन गुजर जाने तथा शुरुआती जांच में कोई सुराग न मिलने पर मामले को आगे बढ़ाते हुए इसे धारा 140(3) बीएनएस में तरमीम किया गया है।

पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाश की गई, परंतु सफलता नहीं मिली है। पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है। उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से युवक की जल्द खोजबीन कर सुरक्षित बरामदगी की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story