बारिश जारी, मौसम सर्द, पिछले वर्ष भी आज के दिन हो रही थी बारिश

WhatsApp Channel Join Now
बारिश जारी, मौसम सर्द, पिछले वर्ष भी आज के दिन हो रही थी बारिश


नैनीताल, 20 मार्च (हि.स.)। नैनीताल सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बारिश होती रही और इससे मौसम सर्द महसूस किया गया, और एक तरह से शीतकालीन वर्षा की स्थितियां रहीं। खास व दिलचस्प संयोग यह भी है कि बीते वर्ष 2025 में भी 19 व 20 मार्च को इसी तरह बारिश हुई थी।

मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आज अधिकतम तापमान 10 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहंी आगे 21 व 23 मार्च को भी आसमान के अधिकांशतया बादलों से ढके रहने और बारिश तथा गरज-चमक व आंधी की तथा 22 मार्च को आसमान के सामान्यतया साफ रहने के साथ अपराह्न में बादल छाने की संभावना रही गयी है।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह तक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में मौसम में सर्दी गायब होने लगी थी और जंगलों के जलने के साथ पूरे वातावरण में धुंध छायी हुई थी, इस कारण 10-11 मार्च को हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों के लिये हेलीकॉप्टर सेवाओं को दृश्यता की समस्या के कारण रोकना पड़ा था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story