बातों में उलझाकर अंगूठी लेकर फरार आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बातों में उलझाकर अंगूठी लेकर फरार आरोपित गिरफ्तार


हल्द्वानी , 12 अगस्त (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत मुखानी पुलिस ने वरिष्ठ नागरिक को सम्मोहित कर सोने की अंगूठी ठगने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की पीली धातु की अंगूठी बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक, कुसुमखेड़ा क्षेत्र निवासी महेंद्र चंद तिवारी ने 10 अगस्त को मुखानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को वह घर से बाहर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके हाथ से करीब 6-7 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में संदिग्ध नजर आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी़़़़ पुलिस को मुखबिर से संदिग्ध के थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को बिना नंबर की स्कूटी के साथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से झपटी गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद शर्मा पुत्र स्वर्गीय संपूर्णानंद शर्मा, निवासी गोजानी, रामनगर, नैनीताल, उम्र 60 वर्ष के रूप में हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, झपटमारी और धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पंतनगर, क्लेमेंटटाउन देहरादून, मुखानी, बाजपुर और बिजनौर के स्योहारा थाने में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपित के अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story