बच्चों से लकड़ी ढुलवाने के मामले में प्रधानाध्यापिका निलंबित
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। विद्यालय के बच्चों से लकड़ियां ढुलवाने के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर, बहादराबाद की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चन्द ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से मध्याह्न भोजन योजना के लिए लकड़ियां ढुलाई का कार्य कराया गया, जो कि नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि यह कृत्य बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) की धारा-3 का उल्लंघन है, साथ ही बाल सुरक्षा एवं गरिमापूर्ण शैक्षिक वातावरण से संबंधित मानकों के विपरीत है। यह उत्तराखंड सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 2002 के प्रावधानों का भी उल्लंघन माना गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उप शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

