प्रो. अतुल जोशी के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षा संकाय में भावपूर्ण विदाई

WhatsApp Channel Join Now
प्रो. अतुल जोशी के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षा संकाय में भावपूर्ण विदाई


नैनीताल, 27 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) की ओर से संकायाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी के सेवानिवृत्त होने पर रविवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया।

शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उनके लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और आईटीईपी की स्थापना से लेकर नए शिक्षा संकाय भवन में प्रवेश तक की विकास यात्रा में उनकी भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

उल्लेखनीय है कि वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. जोशी ने वाणिज्य विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्व निभाए तथा वर्ष 2020 से शिक्षा संकाय के संरक्षक एवं संकायाध्यक्ष रहे। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शुरू हुए चार वर्षीय आईटीईपी के प्रारंभिक दौर में पाठ्यक्रम, कक्षाओं और प्रशासनिक समन्वय से जुड़ी चुनौतियों के बीच उनके मार्गदर्शन और प्रशासनिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया।

नए शिक्षा संकाय भवन के निर्माण और उसमें आईटीईपी के प्रवेश को भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में गिना गया। समारोह में पूर्व कुलपति प्रो. दीवान रावत और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग का भी उल्लेख किया गया। आईटीईपी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती ने कहा कि आईटीईपी का वर्तमान स्वरूप कुलपति के नेतृत्व और प्रो. जोशी के मार्गदर्शन का परिणाम है।

समारोह में प्रो. जोशी को शॉल, पुष्पगुच्छ, उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, मालाएं और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रो. जोशी ने विश्वविद्यालय, सहकर्मियों और विद्यार्थियों का आभार जताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, समय के सदुपयोग, कर्तव्यनिष्ठा और संस्थान की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।

समारोह में डॉ. अशोक उप्रेती, डॉ. पुष्पा अधिकारी, डॉ. तेज प्रकाश जोशी, डॉ. वर्षा पंत, डॉ. आकांक्षा शैली, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. विनीता विश्वकर्मा, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. हेमा मेहरा, डॉ. दीपिका भट्ट, डॉ. भूपेन्द्र सिंह, डॉ. शाहिद हुसैन, डॉ. ललिता जोशी, डॉ. सुरभि बिष्ट, डॉ. विशाल बिष्ट, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. मिराज, मठपाल, हरीश, सुमन, अनुभा, आयुष्मान, अनुश्रुत, हिमांशी और प्रतिभा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story