प्रशासनिक सुधारों की मिसाल: साढ़े चार माह में विरासत, राजस्व व प्रमाण पत्रों में रिकॉर्ड निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासनिक सुधारों की मिसाल: साढ़े चार माह में विरासत, राजस्व व प्रमाण पत्रों में रिकॉर्ड निस्तारण


नैनीताल, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के नेतृत्व में विगत साढ़े चार माह में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के सूत्र को अपनाते हुए विरासत, राजस्व वाद तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के मामलों में तीव्र गति से कार्य हुआ है।

14 अक्टूबर से 31 मार्च के बीच जनपद की नौ तहसीलों में 7311 विरासत प्रकरणों का निस्तारण कर 22190 परिवारों के नाम भूमि अभिलेखों में दर्ज किए गए, जो वर्षों से लंबित मामलों में अभूतपूर्व प्रगति मानी जा रही है। प्रशासनिक संदर्भों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी अवधि में राजस्व प्रवर्तन समिति ने अभियान चलाकर 2528 लंबित वादों का स्थलीय निरीक्षण के आधार पर निस्तारण किया।

जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन हेतु विशेष अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 2543 जन्म तथा 1920 मृत्यु प्रमाण पत्र, जबकि शहरी क्षेत्रों में 3660 जन्म एवं 1941 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे अधिकांश प्रकरणों में लंबितता समाप्त हो गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन अभियानों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक प्रशासनिक सुविधा पहुंचाना तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story