प्रतापनगर रौलाकोट के कई परिवारों ने इस बार नहीं मनाई दीपावली

WhatsApp Channel Join Now
प्रतापनगर रौलाकोट के कई परिवारों ने इस बार नहीं मनाई दीपावली


नई टिहरी, 09 नवंबर (हि.स.)। टीएचीडीसी और पुनर्वास विभाग की लापरवाही रौलाकोट के 50 से अधिक परिवारों पर भारी पड़ रही है। टिहरी बांध की झील के कारण उनके मकान भू-धसाव की चपेट में हैं। जर्जर मकानों पर लोग जान जोखिम में डालकर रहने का मजबूर हैं। लेकिन उनका विस्थापन नहीं किया जा रहा है। विरोधस्वरूप इस बार इन परिवारों ने दीपावली नहीं मनाई।

उल्लेखनीय है कि टिहरी बांध परियोजना के कारण प्रतापनगर का रौलाकोट गांव विस्थापन की श्रेणी में है। लेकिन कई परिवार पात्रता के बावजूद अभी तक विस्थापित नहीं किए गए हैं। कई परिवारों के साथ तत्कालीन समय में किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए। एक ओर टीएचडीसी का कहना है कि उसने आरएल 865 मीटर तक सभी परिवारों का विस्थापन और अन्य परिसंपत्तियों का भुगतान कर दिया है।

वहीं रौलाकोट के महेश लाल, मकानी देवी सहित कई परिवार आज भी विस्थापन की बाट जोह रहे हैं। उन्होंने अपने घरों के नीचे बल्लियां लगाकर किसी तरह मकान को खड़ा किया हुआ है। जबकि भूस्खलन से मकान लगातार खतरे की जद में है। 7 और 8 नवम्बर को इस बार पीड़ित परिवारों ने दीपावली नहीं मनाई। यहां तक खुशी का एक दीपक भी अपने घर में नहीं जलाया। पीड़ित परिवारों के मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं, जबकि कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी पुनर्वास विभाग के अधिकारी समस्या हल करने को तैयार नहीं है। अब सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। जिससे टूटे मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने मुश्किलें और बढ़ गई हैं। गांव की उपप्रधान रेखा देवी, वार्ड सभासद कविता देवी आदि का कहना है कि पुनर्वास विभाग ने रौलाकोट गांव के ग्रामीणों के साथ पुनर्वास के नाम पर छलावा किया है।

टीएचडीसी केउप प्रबंधक राकेश थपलियाल गांव के कुछ परिवारों को विस्थापित करते समय अधिकारियों ने कई वादे किए थे। लेकिन वादों पर अमल नहीं किया। उन्होंने जिला प्रशासन सहित मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाई है।आरएल 865 के तहत जिन परिवारों की 50 प्रतिशत से कम भूमि आ रही है, उनका पुनर्वास नीति के तहत विस्थापन नहीं किया जा सकता है। इस परिधि में आने वाले रौलाकोट के सभी परिवारों का विस्थापन हो चुका है। बावजूद इसके यदि कोई ऐसा प्रकरण है, तो साक्ष्य उपलब्ध करा सकता है। उस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story