पौड़ी में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सीएम का फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सीएम का फूंका पुतला


पौड़ी गढ़वाल, 19 नवंबर (हि.स.)।जौलजीवी मेले के उद्घाटन समारोह में धारचूला विधायक हरीश धामी को संबोधन का अवसर नहीं दिए जाने और मंच पर पहुंचने के बाद उनका माइक बंद किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में जिला मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया। कांग्रेसियों ने घटना को निर्वाचित जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

गुरुवार को डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जौलजीवी मेले का उद्घाटन समारोह एक सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसमें क्षेत्र के निर्वाचित विधायक हरीश धामी को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए था। आरोप लगाया कि विधायक जब मंच पर पहुंचे तो उन्हें संबोधन का मौका देने के बजाय उनका माइक बंद कर दिया गया। कांग्रेसियों ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को जनता के बीच अपनी बात रखने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं और मर्यादाओं के खिलाफ है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार में जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सार्वजनिक मंचों पर जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। धरने के बाद कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय में धरना दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन को भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को जिम्मेदारी से निभाती हैं। ऐसे में उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, तामेश्वर आर्य, अरूणा कुमार, अनूप सिंह, राहत हुसैन, आस्कर रावत आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story