पौड़ी में कंडोलिया मंदिर का वार्षिक पूजन 19 से
पौड़ी गढ़वाल, 15 जून (हि.स.)। मंडल मुख्यायल पौड़ी के आराध्य देव श्री कंडोलिया का वार्षिक पूजन एवं भंडारा 19 से 21 जून तक श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
मंडल मुख्यालय में हर साल आयोजित होने वाले श्री कंडोलिया ठाकुर का वार्षिक पूजन एवं भंडारे की तैयारियां तेज हो गई है। मंदिर में 19 जून को देव आवाहन, ध्वजा पूजन और देव डोली के साथ नगर भ्रमण होगा, जबकि मंदिर परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया जाएगा।
20 जून को पाठ पूर्ण होने के बाद भजन-कीर्तन, महाआरती, रात्रि जागरण और मंडाण आयोजित होंगे। 21 जून को यज्ञ, पूजन और विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। श्री कंडोलिया वार्षिकोत्सव समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में सहयोग और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए भंडारे के बाद उपयोग की गई पत्तलों को निर्धारित स्थान पर डालने का आग्रह किया है।
धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह आयोजन सामाजिक सहभागिता और स्वच्छता का संदेश भी देगा, जिसमें नगर और नौगांवों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

