पुरानी पेंशन बहाली के लिए आयुक्त कार्यालय का घेराव
पौड़ी गढ़वाल, 01 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने शुक्रवार को पूर्च घोषित कार्यक्रम के तहत पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग को लेकर आयुक्त कार्यालय का घेराव किया।
इस दौरान कर्मचारियो ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग उठाई। कहा कि जल्द पुरानी पेंशन बहाल नहीं होने पर सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में खामियाजा भुगतना पड़ेगा। शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर श्रीनगर, कोटद्वार, रुदप्रयाग, देहरादून, चमोली आदि जिलों से आए कर्मचारियों ने शहर में जोरदार रैली निकाली। शहर के विभिन्न हिस्सों से ढोल दमाऊ की थाप पर कर्मचारियों ने माल रोड, एजेंसी चौक, कंडोलिया रोड होते हुए आयुक्त कार्यालय तक रैली निकाली।
आयुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत, प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि एक दिन का विधायक बनने पर जनप्रतिनिधियों को पुरानी पेंशन दी जा रही है लेकिन अपनी पूरा जीवन सरकारी सेवा करने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि कर्मचारियों को जबरदस्ती नई पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। जिसका लगातार विरोध किया जा रहा है।
कहा कि कर्मचारियों के पास रिटायर्ड होने के बाद पेंशन ही बुढ़ापे का सहारा है लेकिन सरकार ने इसे भी कर्मचारियों से छीन लिया है। कहा कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं होने पर सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में परिणाम भुगतना होगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष महिला रनीता विश्वकर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी, प्रदेश संयोजक विक्रम रावत, शंकर भट्ट, कमलेश मिश्रा, शिव सिंह नेगी, कुलदीप कंडारी, विकास, अंकित आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

