पाचरी और निकटवर्ती गांवों में गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
पाचरी और निकटवर्ती गांवों में गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत


नई टिहरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जाखणीधार ब्लॉक के धारमंडल पट्टी के पाचरी गांव और निकटवर्ती क्षेत्रों में एक सप्ताह से अधिक समय से गुलदार की दहशत बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों की सूचना पर वन विभाग की टीम भी लगातार गश्त कर रही है, लेकिन अभी तक गुलदार पकड़ में नहीं आया है।

ग्रामीणों ने गांव के आसपास पिंजरा लगाने की मांग की है। पाचरी की प्रधान रेखा देवी, खांड की प्रधान शकुंतला देवी, मेहताब सिंह, मंजू देवी आदि ने वन क्षेत्राधिकारी पौखाल को अवगत कराया कि पाचरी, सिलोली, भौनियाड़ा सहित आसपास के गांवों में बीते करीब एक सप्ताह से गुलदार की चहलकदमी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार दिन के समय पर भी गुलदार को देखा है। जिससे महिलाएं खेतों में चारापत्ती लेने और बच्चे स्कूल जाने में घबरा रहे हैं।

खासकर बारिश और शाम के समय में गुलदार के हमले की ज्यादा आशंका बनी हुई है। ऐसे में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए। बीते 27 सितम्बर को भौनियाड़ा में गौशाला में घुसकर गुलदार ने भैंस पर हमला कर दिया। साथ ही गाय, बैलों पर भी हमले किए हैं। बुधवार को वन बीट अधिकारी रमेश कुमार, संगीता देवी, वन आरक्षी रामदयाल आदि ने गश्त की। ग्रामीणों को जागरूक कर अकेले शाम के समय बाहर न आने और घर के आसपास की झाड़ियां काटने की अपील की।

ग्रामीण शंभू प्रसाद, जयंती प्रसाद, रामप्रकाश, तेजराम आदि ने गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story