पशुपतिनाथ के जलाभिषेक को हरिद्वार से रवाना हुआ पांच हजार लीटर गंगाजल
हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार से बुधवार को पांच हजार लीटर पवित्र गंगाजल नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया। गंगोत्री धाम से लाए गए गंगाजल की पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित मनसा देवी चरण पादुका मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद संतों की उपस्थिति में गंगाजल यात्रा को नेपाल के लिए रवाना किया गया। आगामी 23 नवंबर को इसी गंगाजल से भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
गंगाजल यात्रा के शुभारंभ अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज और गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज मौजूद रहे। दोनों संतों ने गंगाजल से भरे पात्रों की पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता की कामना की।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि गंगाजल यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है। हरिद्वार और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक एवं आध्यात्मिक संबंध रहे हैं।
हरिद्वार से रवाना हुआ गंगाजल नेपाल पहुंचकर भगवान पशुपतिनाथ के चरणों में अर्पित होगा। उन्होंने कहा कि मां गंगा और भगवान पशुपतिनाथ सनातन संस्कृति के प्रमुख आस्था केंद्र हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने का माध्यम है।
गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज ने भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां गंगा और भगवान पशुपतिनाथ से देश एवं समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। इसी मान्यता और परंपरा के अनुरूप प्रत्येक वर्ष हरिद्वार से पवित्र गंगाजल नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर भेजा जाता है। इस वर्ष भी पांच हजार लीटर गंगाजल के साथ यह धार्मिक परंपरा आगे बढ़ाई जा रही है। 23 नवंबर को नेपाल में विधि-विधान के साथ भगवान पशुपतिनाथ का गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, श्रीमहंत राज गिरि महाराज, एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा, एचआरडीए सदस्य डॉ. विशाल गर्ग, मनोज मंत्री, भोला शर्मा, प्रतीक सूरी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

