पशुधन बीमा योजना फिर शुरू, 85 फीसदी प्रीमियम देगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now
पशुधन बीमा योजना फिर शुरू, 85 फीसदी प्रीमियम देगी सरकार


पौड़ी गढ़वाल, 16 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत जनपद में पशुधन बीमा योजना का दोबारा संचालन शुरू हो गया है। योजना के तहत पशुपालकों को बीमा प्रीमियम पर 85 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी मिलेगी, जबकि लाभार्थी को केवल 15 प्रतिशत राशि देनी होगी।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों और जिले के पशु चिकित्सा अधिकारियों ने योजना के संचालन पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि योजना के संचालन के लिए पशुपालन विभाग, एम/एस गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड और एम/एस हिमालय इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच अनुबंध हुआ है।

योजना के तहत गाय का अधिकतम 30 हजार, भैंस का 40 हजार, घोड़े/खच्चर का 35 हजार और भेड़-बकरी का तीन हजार रुपये तक का बीमा कराने पर सब्सिडी देय होगी। निर्धारित सीमा से अधिक मूल्य पर बीमा कराने पर अतिरिक्त राशि की प्रीमियम लागत पशुपालक को स्वयं वहन करनी होगी।

डॉ. शर्मा ने पशुपालकों से योजना का लाभ लेने के लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story