नौनिहालों के लिए खतरा बने जिले के 56 जर्जर स्कूल भवन ध्वस्त
देहरादून, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन ने जिले के जर्जर विद्यालयाें के भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले चिन्हित कुल 64 पूर्णतः र्जीर्ण विद्यालय भवनों में से 56 भवनों का ध्वस्तीकरण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष भवनों पर कार्रवाई प्रगति पर है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिले के 64 जर्जर विद्यालय भवन निष्प्रोज्य घाेषित किए गए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी काे भेजी रिपाेर्ट में बताया कि अब तक 56 जर्जर विद्यालयाें के भवनाें काे ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि शेष 8 निष्प्रोज्य भवन एक माह के भीतर ध्वस्त कर दिए जाएंगे। ध्वस्त भवनाें में चार माध्यमिक व 52 प्रारम्भिक विद्यालयों के भवन हैं। रिपाेर्ट के अनुसार जिले के विकासखण्ड चकराता में 23, कालसी में 17, विकासनगर में 8, सहसपुर में 2, रायपुर में 14, डोईवाला में 17 विद्यालय भवन चिन्हित किए गए थे।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी की सख्ती के बाद जिले के जर्जर स्कूल भवनाें काे ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, जर्जर भवनों को शीघ्र हटाकर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा शिक्षण कार्य बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

