निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर कॉपर वायर लूटी, चार आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर कॉपर वायर लूटी, चार आरोपी गिरफ्तार


हल्द्वानी , 10 नवंबर (हि.स.)। हीरानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और सीसीटीवी कैमरे के उपकरण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद किया है।

आरोपितों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के कॉपर वायर के दो डिब्बे और करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर मिली है।घटना छह नवंबर की है। हीरानगर चौकी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में घुसे आरोपियों ने वहां तैनात गार्ड के साथ मारपीट की और बिजली के कॉपर वायर के साथ सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर लूटकर फरार हो गए।

मामले में चिकित्सक आवास, एसटीएच हल्द्वानी निवासी डॉ. अरुण जोशी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी कर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने मामले में राजपुरा वार्ड नंबर-13 निवासी आदेश कुमार (30), विकास कश्यप (24), शिवम कश्यप (23) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के चार एमएम और 2.5 एमएम के कॉपर वायर के दो डिब्बे तथा करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजीत राठौर कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हीरानगर उपनिरीक्षक संजीत राठौर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story