नाबालिग की फोटो इंस्टाग्राम पर एडिट कर वायरल करने का आरोप, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 10 मई (हि.स.)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने रायसी चौकी में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी की फोटो अपने फोटो के साथ एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी। घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुड़ी भगवानपुर निवासी शाहनवाज मलिक पुत्र फकीरा ने उनकी नाबालिग पुत्री की फोटो के साथ एडिट कर इंस्टाग्राम आईडी से वायरल कर दी। मामले की जानकारी उन्हें 8 मई को गांव के लोगों से मिली।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस हरकत से उनकी बेटी और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story