नवरात्र की महानवमी पर देवी मां की विशेष स्तुति की, कन्याओं को जिमाया

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र की महानवमी पर देवी मां की विशेष स्तुति की, कन्याओं को जिमाया


नई टिहरी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर जिलेभर में भक्ति और आस्था का माहौल रहा। जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठों, स्थानीय देवी-देवताओं के मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मंदिरों में पूजा, हवन-यज्ञ, हरियाली अर्पण और कन्या पूजन के साथ नवरात्र पर्व का समापन हुआ। सोमवार को महानवमी पर टिहरी जिले के प्रमुख शक्तिपीठों मां सुरकंडा देवी, मां चंद्रबदनी, मां कुंजापुरी, मां राजराजेश्वरी जलेड, बटखेम, नवदुर्गा मंदिर बौराड़ी, सनातन नवदुर्गा मंदिर,जानकी मंदिर, ज्वालामुखी, दुध्याडी देवी से लेकर अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन का विशेष धार्मिक महत्व रहा। इन सिद्धपीठों सहित जिले के विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति की प्रार्थना की।

मंदिरों में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार हरियाली काटने की रस्म निभाई गई। सर्वप्रथम हरियाली मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं को अर्पित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को हरियाली प्रसाद स्वरूप वितरित की गई। श्रद्धालुओं ने छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण धोए,तिलक लगाया और भोजन कराकर दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story