नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल को स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल को स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण


पौड़ी गढ़वाल, 16 नवंबर (हि.स.)। नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चिकित्सा कर्मियों को नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की समय पर पहचान एवं प्रबंधन की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी ने नवजात शिशुओं की गुणवत्तापूर्ण देखभाल, जन्म के तुरंत बाद जरूरी चिकित्सकीय सावधानियों, कंगारू मदर केयर, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ ही नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व और सही तरीके की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, उच्च जोखिम वाले नवजातों की समयबद्ध पहचान और जरूरत पड़ने पर उचित स्वास्थ्य केंद्र में रेफरल सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। नवजात अवस्था में होने वाली जटिलताओं की समय पर पहचान और प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन से शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story