धौलीगंगा पावर हाउस में एनडीआरएफ का परिचयात्मक अभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
धौलीगंगा पावर हाउस में एनडीआरएफ का परिचयात्मक अभ्यास


पिथौरागढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ)द्वारा धौलीगंगा पावर स्टेशन, एनएचपीसी, धारचूला, पिथौरागढ़ के पावर हाउस में परिचयात्मक अभ्यास आयोजित किया गया।

उक्त संयुक्त अभ्यास में पावर स्टेशन प्रमुख श्री एम. कन्नन एवं श्री मोहित ममगाईं, सहायक कमांडेंट, एनडीआरएफ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पावर हाउस में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

इस अभ्यास का उद्देश्य एनडीआरएफ टीम को धौलीगंगा पावर हाउस, संबंधित क्षेत्रों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्थाओं से परिचित कराना था। इस दौरान एनएचपीसी अधिकारियों द्वारा एनडीआरएफ कार्मिकों को पावर हाउस की महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं, सुरक्षा उपायों एवं आपातकालीन प्रबंधों के संबंध में जानकारी दी गई।

अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ एवं एनएचपीसी अधिकारियों के बीच आपदा की स्थिति में खोज एवं बचाव, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा आपसी समन्वय से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

इस अभ्यास के माध्यम से एनएचपीसी एवं एनडीआरएफ के बीच आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया संबंधी समन्वय को और मजबूत करने में सहायता मिलेगी तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभ्यास महत्वपूर्ण रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

Share this story