धार्मिक-सांस्कृतिक योगदान के लिए बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक-सांस्कृतिक योगदान के लिए बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सम्मानित


गोपेश्वर, 06 नवम्बर (हि.स.)। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष एवं श्री ज्योतिर्मठ पीठ के पुरोहित ऋषि प्रसाद सती को धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वाराणसी में विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया।

गंगा महासभा की ओर से संस्कृति संसद एवं अंतरराष्ट्रीय जैन जी कॉन्क्लेव के तहत आयोजित समारोह में संत-महापुरुषों की उपस्थिति में उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

ऋषि प्रसाद सती वाराणसी में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे हैं। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में आयोजित इस आयोजन में सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और युवा चिंतन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशभर के संतों, धर्माचार्यों, विद्वानों एवं प्रबुद्धजनों ने विचार रखे।

गंगा महासभा के तत्वावधान में आयोजित संस्कृति संसद-2026 और अंतरराष्ट्रीय जैन जी कॉन्क्लेव को अखिल भारतीय संत समिति, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री काशी विद्वत परिषद का मार्गदर्शन प्राप्त है। इस आयोजन में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर व्यापक विमर्श किया गया।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष की इस उपलब्धि पर बीकेटीसी सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने ऋषि प्रसाद सती को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773217 Articles

Share this story