दिल्ली अग्निकांड के बाद नैनीताल में सतर्कता बढ़ी, सभी होटल और होमस्टे का होगा सुरक्षा ऑडिट

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली अग्निकांड के बाद नैनीताल में सतर्कता बढ़ी, सभी होटल और होमस्टे का होगा सुरक्षा ऑडिट


नैनीताल, 04 जून (हि.स.)। दिल्ली के होटल में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड की घटना के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के सभी होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होमस्टे, वाणिज्यिक मॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासन, अग्निशमन, पुलिस, विद्युत विभाग, जल संस्थान तथा जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की संयुक्त निरीक्षण समितियों का गठन किया गया है। नगर मजिस्ट्रेट एवं संबंधित उप जिलाधिकारी समितियों के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं अग्निशमन अधिकारी सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। गठित समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिनों के भीतर सभी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विस्तृत आख्या जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत वायरिंग, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की वैधता, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों की स्थिति तथा भवन मानचित्र के अनुरूप निर्माण का परीक्षण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, गंभीर अनियमितता अथवा जनसुरक्षा के लिए खतरा पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल को पर्यटन सीजन के दौरान आगंतुकों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story