दस साल पुराने इम्प्लांट का हुआ सफल ऑपरेशन

WhatsApp Channel Join Now
दस साल पुराने इम्प्लांट का हुआ सफल ऑपरेशन


पौड़ी गढ़वाल, 20 जून (हि.स.)। ईशा फाउंडेशन द्वारा संचालित उत्तरा केयर हॉस्पिटल में एक बुजुर्ग महिला के पैर में लगभग 10 वर्ष पूर्व लगाए गए इम्प्लांट को सफलतापूर्वक निकालने की जटिल सर्जरी की है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक सर्जरी पूरी तरह से सफल रही और मरीज वर्तमान में अस्पताल में भर्ती होकर चिकित्सकीय निगरानी में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार जल्द ही उन्हें स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

अस्पताल के वरिष्ठ अस्थि एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डा. ईशान बुद्धिराजा ने बताया कि मरीज के पैर में वर्षों पूर्व लगाया गया इम्प्लांट लगातार असुविधा एवं अन्य चिकित्सकीय समस्याओं का कारण बन रहा था। परीक्षण और आवश्यक जांचों के बाद सर्जरी की योजना बनाई गई, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। कहा कि अब जिले के मरीजों को जटिल ऑर्थोपेडिक उपचार एवं सर्जरी के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं है।

बताया कि उत्तरा केयर हॉस्पिटल में जोड़ प्रत्यारोपण, फ्रैक्चर उपचार एवं प्लास्टर सुविधा, गठिया रोग उपचार, कमर एवं गर्दन दर्द का उपचार, आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी आदि इंजरी का उपचार एवं पुनर्निर्माण जैसी आधुनिक ऑर्थोपेडिक सेवाएं उपलब्ध हैं। बताया कि आगामी सप्ताह में अस्पताल में घुटना प्रत्यारोपण की एक महत्वपूर्ण सर्जरी भी की जाएगी।

ईशा फांउंडेशन के संस्थापक आईएस नेगी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जनपद पौड़ी गढ़वाल के लोगों को उनके घर के निकट ही आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story