तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण का फरार आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण का फरार आरोपित गिरफ्तार


तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण का फरार आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)। पुलिस ने बच्चे के अपहरण के मामले में फरार चल रहे एक इनामी आरोपित को मंगलवार काे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अपहृत तीन वर्षीय बच्चे को पहले ही सकुशल बरामद किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार इनामी आरोपित की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को भगवानोवाली झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी समारोह के दौरान उनका तीन वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 मई को बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया। फरार वांछित एवं इनामी आरोपितों की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। लगातार दबिश और तलाश अभियान के दौरान पुलिस टीम ने फरार इनामी आरोपित रविंद्र पुत्र मांगेराम को लाठरदेवा शेख पनियाला रोड क्षेत्र से आज गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान रविंद्र पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम जलालपुर कल्लनपुर (सकरपुर), थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। पुलिस मामले में एक अन्य फरार इनामी आरोपी की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story