तहसील रूड़की का डीएम ने किया निरीक्षण, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
तहसील रूड़की का डीएम ने किया निरीक्षण, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश


हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज तहसील रूड़की में कंप्यूटर लैब के शुभारंभ के अवसर पर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का जायजा लेकर वहां किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पटल सहायकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील में अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर आने वाले आमजन की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो और प्रयास किया जाए कि आम लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों की स्थिति भी देखी और सभी दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील में लंबित वादों की जानकारी लेते हुए कहा कि जो मामले लंबे समय से निस्तारण की प्रतीक्षा में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाया जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story