डीएम ने फार्मासिस्ट के वेतन पर लगाई रोक

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने फार्मासिस्ट के वेतन पर लगाई रोक


पौड़ी गढ़वाल, 25 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी ने जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धुमाकोट, संगलिया और आसपास के गांवों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्थाओं, आजीविका गतिविधियों तथा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने भ्रमण के दौरान चौपालों में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट के निरीक्षण से भमण की शुरूआत की।

निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए। औषधि प्रबंधन पोर्टल के संचालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित फार्मासिस्ट के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। महिला चिकित्साधिकारी के चलते समस्या को देखते हुए उन्होंने नैनीडांडा से अस्थायी रूप से महिला चिकित्साधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

धुमाकोट बाजार में जिलाधिकारी ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। व्यापारियों ने कूड़ा निस्तारण, पार्किंग और बाजार क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे रखे। राजकीय प्राथमिक विद्यालय संगलिया में आयोजित चौपाल में पेयजल, आजीविका, शिक्षा, खेल, कृषि आदि की समस्याएं सामने आई। ग्रामीणों द्वारा वन्यजीवों से सुरक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने संबंधी सुझाव रखे गए, जिस पर डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों में तारबाड़ लगाने तथा युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए सेवायोजन, युवा कल्याण और विकास विभाग को प्रयास करने के निर्देश दिए।

इस दौरान महिलाओं ने आजीविका गतिविधियों एवं पीरूल संग्रहण भुगतान नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने संबंधित फर्म को नोटिस जारी करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, ग्राम प्रधान नरेंद्र रावत, डीडीओ मनविंदर कौर, डीएसटीओ राम सलोने, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story