डंपर की चपेट में आकर ढाई साल के मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र के मिस्सरपुर गांव में घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम बच्चे की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनायक उर्फ गोली नाम का मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में शादी का सामान लेकर जा रहा एक डंपर लोडर वाहन वहां से गुजरा और अचानक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कनखल थानाध्यक्ष एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story