टिहरी परिसर में बीएड की 62 सीटों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू
नई टिहरी, 18 अगस्त (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल टिहरी में बीएड प्रवेश काउंसलिंग शुरू हो गई। परिसर में 62 सीटों पर प्रवेश दिए जाने हैं। दो दिवसीय काउंसलिंग में पहले दिन उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में हिस्सा लिया।
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल की बीएड संकाय की विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता गोदियाल ने बताया कि मंगलवार 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रवेश काउंसलिंग के लिए रिपोर्टिंग की। अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र, अंकतालिकाएं और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के लिए डॉ. हेमराज के नेतृत्व में प्रवेश समिति गठित की गई है। समिति दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र व सफल अभ्यर्थियों को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। डॉ. हेमराज ने बताया कि 19 अगस्त बुधधार को शेष अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की जाएगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर उन्हें प्रवेश हेतु आवश्यक सूचना भेजी जाएगी। बताया कि परिसर में इस वर्ष से इंटीग्रेटेड बीएड पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को दृष्टिगत रखते हुए बीएड संकाय के पाठ्यक्रमों में समय-समय पर आवश्यकतानुसार परिवर्तन एवं अपडेट किया जा रहा है। इस मौके पर समिति की सदस्य डॉ. सुमन लता, डॉ. नीरज जोशी, डॉ. देवम, डॉ. गौतम, डॉ. अरविंद, डॉ. मनोज नौटियाल, गौरव मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

