(संशोधित) टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
(संशोधित) टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल


(नोट- शीर्षक में संशोधन किया गया है)

देहरादून, 26 अगस्त (हि.स.)। टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा के अवसर पर बुधवार को राजधानी देहरादून पूरी तरह शिवमय नजर आई। शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब, आकर्षक झांकियों, ढोल-नगाड़ों, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भंडारे लगाए गए हैं, जहां लोगों को भोजन, प्रसाद और पेयजल वितरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज तथा टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा देर शाम तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

भव्य झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

शोभायात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल की गई हैं। झांकियों की भव्य सजावट और कलाकारों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं। कहीं शिव-पार्वती के स्वरूपों ने भक्तों का ध्यान खींचा तो कहीं भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शोभायात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचने लगे। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने झांकियों के दर्शन किए और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। भंडारों में श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद के साथ पेयजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।

सेवा में जुटे लोगों का कहना है कि भगवान शिव की शोभायात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भंडारों और स्वागत स्थलों पर भी भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज रहा है। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शोभायात्रा का हिस्सा बने हैं।

शोभायात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है। मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते नजर आए और पहले से यात्रा प्लान भी जारी किया गया है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story