जोशीमठ में इसी माह शुरू होंगे 115 करोड़ के सीवरेज व पेयजल के कार्य

WhatsApp Channel Join Now
जोशीमठ में इसी माह शुरू होंगे 115 करोड़ के सीवरेज व पेयजल के कार्य


-3,858 सीवरेज और 2,701 पेयजल कनेक्शन मिलेंगे

-चार नए टैंक और 3 एमएलडी एसटीपी भी बनेगा

गोपेश्वर, 19 सितम्बर (हि.स.)। जोशीमठ में सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने वाली करीब 115 करोड़ रुपये की परियोजना के निर्माण कार्य इसी माह शुरू होंगे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को परियोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी जरूरी अनुमति और एनओसी एक सप्ताह में पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने को कहा। परियोजना के तहत क्षेत्र में 3,858 सीवरेज और 2,701 पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी कार्य मार्च 2029 तक पूरे करने का लक्ष्य है।

परियोजना में चार नए पेयजल टैंकों का निर्माण, पुराने टैंकों की रेट्रोफिटिंग, तीन एमएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट की स्थापना तथा सीवरेज और हाउसहोल्ड सर्विस कनेक्शन से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इससे जोशीमठ की लंबे समय से चुनौती बनी सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बदरीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। सड़क पर सीवरेज और ड्रेनेज की खुदाई के दौरान पाइपलाइन बिछाने और सड़क बहाली का काम साथ-साथ करने को कहा, ताकि मार्ग लंबे समय तक बाधित न रहे। तीन एमएलडी एसटीपी के लिए भूमि चयन की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी जोशीमठ को देते हुए डीएम ने भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण के बाद ही सभी निर्माण कार्यों के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने पर जोर दिया। निर्माण से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए नियमानुसार डंपिंग जोन भी चिह्नित किया जाएगा।

डीएम ने जल संस्थान को परियोजना की नियमित निगरानी करने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण के दौरान वर्तमान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित यूयूएसडीए, जल निगम, सिंचाई विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story