जुयाल को सेवानिवृत्ति पर दी भावपूर्ण विदाई

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 31 मार्च (हि.स.)। ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय भुवनेश्वरी में उपाचार्य नवीन जुयाल को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि नवीन जुयाल ने प्रारंभिक काल में निशुल्क सेवा देकर इस विद्यालय को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्ष 1993 से लेकर आज तक, विद्यालय की स्थापना से लेकर उसे प्रदेश के एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित करने तक, उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। सेवानिवृत्त के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारियों ने कहा कि नवीन जुयाल वास्तव में प्रदेश के लिए एक आदर्श शिक्षक रहे हैं।

उन्होंने न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की, बल्कि उनके संपूर्ण व्यक्तित्व के निर्माण की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई। आवासीय विद्यालय में रहकर, अपने परिवार से दूर, दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी। उनका जीवन त्याग, समर्पण और अनुशासन का अद्वितीय उदाहरण रहा है।

इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र जुयाल, प्रधानाचार्य अनसूया प्रसाद, मंजू जुयाल, डॉ नवीन ममगाईं, डॉ अनूप कुकरेती, ईशान डोभाल, कमलदीप, आशीष आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story