जीआईसी खिर्सू में बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जीआईसी खिर्सू में बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान


पौड़ी गढ़वाल, 24 सितंबर (हि.स.)।राजकीय इंटर कॉलेज खिर्सू में बाल अधिकारों और बाल संरक्षण को लेकर वृहद जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल संरक्षण तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों से किसी भी तरह की हिंसा, शोषण, जबरदस्ती या संकट की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल सहायता लेने की अपील की।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की उपयोगिता और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक व्यवहार, हिंसा, शोषण या किसी भी संकट की स्थिति में बच्चे बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बालिकाओं से अपनी इच्छा के विरुद्ध होने वाले किसी भी व्यवहार के लिए स्पष्ट रूप से ‘न’ कहना सीखने और जरूरत पड़ने पर 1098 पर संपर्क करने का आह्वान किया। साथ ही बाल विवाह, जबरदस्ती और साइबर बुलिंग के प्रति सतर्क रहने को कहा।

संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई प्रज्ञा नैथानी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से मिलने वाली सहायता की जानकारी दी। जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने पॉक्सो एक्ट और बच्चों के मौलिक अधिकारों पर प्रकाश डाला। चाइल्ड हेल्पलाइन की परामर्शदाता कविता पंवार ने साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचने के उपाय बताए।

जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बच्चों को व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील विवरण सुरक्षित रखने तथा अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हिंसा, शोषण या किसी संकट को छिपाने के बजाय समय रहते अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों से सहायता लेना जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुबोध नेगी ने की। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलेंटियर प्रकाश सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story