जिला अस्पताल मुरादाबाद में खुलेगा दिव्यांग पुनर्वास केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
जिला अस्पताल मुरादाबाद में खुलेगा दिव्यांग पुनर्वास केंद्र


मुरादाबाद, 8 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र संचालन के सदस्यों के साथ बैठक संपन्न हुई, जिसमें सीडीओ ने बताया कि मुरादाबाद जिले में दिव्यांगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के लिए जल्द ही जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) स्थापित किया जाएगा। केंद्र की स्थापना जिला अस्पताल में करने का निर्णय लिया गया है। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगों को फिजियोथेरेपी, स्पीचथेरेपी जैसी सुविधाओं के साथ पुनर्वास परामर्श भी मिलेगा।

सीडीओ ने बताया कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना व संचालन का कार्य राज्य सरकार के संसाधनों से किया जाना है, इसलिए इसके लिए स्थान आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। तय किया गया कि केंद्र का संचालन जिला अस्पताल में किया जाएगा। दिव्यांगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न सुविधाएं जैसे फिजियोथेरेपी, स्पीचथेरेपी, पुनर्वास परामर्श व अन्य आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी।

सीडीओ ने कहा कि केंद्र की स्थापना एवं संचालन शीघ्र किया जाएगा। इसे दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया जाएगा। इस दौरान सीएमओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी व समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story