जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, सफाई और अतिक्रमण पर सख्त

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, सफाई और अतिक्रमण पर सख्त


हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान भी मौजूद रहे।

दोनों ने संयुक्त रूप से जमालपुर खुर्द, ब्रह्मपुरी रावली महदूद, मीनाक्षी पुरम और नील खुदाना ज्वालापुर सहित कई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालों और नालियों में जमा कूड़ा-कचरा तथा उन पर किए गए अतिक्रमण को देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और नगर निकायों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित क्षेत्रों में नालों और नालियों की सफाई के लिए तत्काल कार्य योजना बनाई जाए और एक सप्ताह के भीतर सफाई कार्य शुरू कर दिया जाए। साथ ही उन्होंने नगर पालिका शिवालिक नगर और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई अनिवार्य रूप से पूरी की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि नालों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएं। तय समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नील खुदाना ज्वालापुर वार्ड संख्या 46 के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने नगर आयुक्त को सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

वहीं विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्याओं का संज्ञान लेना सराहनीय कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी, जिससे स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी मौ. तारिक खान, तहसीलदार सचिन कुमार सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story