छह साल पहले बनी सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुआ तीन किलोमीटर का रास्ता
हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सुल्तानपुर से इस्माइलपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने इस्माइलपुर चौक पर एकत्र होकर पीडब्ल्यूडी के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द मरम्मत की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब छह साल पहले बनी यह सड़क एक साल के भीतर ही उखड़ने लगी थी, लेकिन आज तक सुध नहीं ली गई। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। कुछ दिन पहले दो बच्चों की सड़क हादसे में मौत भी हो चुकी है।
करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग एक दर्जन से अधिक गांवों को लक्सर कस्बे से जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क इतनी खराब है कि वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। रात में गड्ढे न दिखने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक तत्कालीन विधायक संजय गुप्ता के कार्यकाल में सड़क बनी थी। उम्मीद थी कि आवागमन सुगम होगा, लेकिन एक साल बाद ही सड़क उखड़ने लगी। पिछले साढ़े चार साल से मरम्मत नहीं हुई है।
लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस है।
प्रदर्शन में अमित कुमार, विनीत कुमार, संजय कुमार, प्रधान शिवकुमार सिंह, प्रतीक सैनी, विशाल, आयुष सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर मरम्मत की मांग की है और चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

