चौंदकोट में जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण परेशान

WhatsApp Channel Join Now
चौंदकोट में जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण परेशान


पौड़ी गढ़वाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। चौंदकोट क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है। जंगली जानवरों के आतंक पर चौंदकोट वेलफेयर सोसाइटी ने कड़ी नाराजगी जताई है।

उन्होंने क्षेत्र में जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण परेशान है। जंगली जानवरों के आतंक के चलते ग्रामीण खेतीबाड़ी छोड़कर पलायन करने को मजबूर है। सोसाइटी ने प्रदेश के वन मंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द ही समस्या के हल निकालने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

मंगलवार को चौंदकोट वेलफेयर सोसाइटी ने डीएम के माध्यम से वन मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष उम्मेद सिंह गुसांई, महासचिव कविंद्र इष्टवाल ने कहा कि क्षेत्र में गुलदार, भालू, सूअर, बंदर, लंगूर आदि जंगली जानवरों की दहशत बनी हुई है। गुलदार आए दिन ग्रामीणों के पशुओं को निवाला बना रहा है। जबकि अन्य जंगली जानवर ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे है। जिससे ग्रामीण खेती छोड़कर पलायन करने को मजबूर है। उन्होंने वन मंत्री ने आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त करवाने, हिंसक जानवरों की जियो टेगिंग की मांग की है।

कहा कि गुलदार व भालू को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगाते हुए फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले जंगली जानवरों को मारने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने वन मंत्री से ग्रामीणों की फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में घेरबाड़, सोलर फैसिंग के लिए अनुदान देने की मांग उठाई। कहा कि फसलों व मवेशियों के मारे जाने पर समय पर उचित मुआवजा दिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story