चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का राज्यपाल ने किया शुभारंभ
उधमसिंह नगर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले इिन 800 मीटर दाैड़ में पुरुष वर्ग में अल्मोड़ा के अंकित नाथ और महिला वर्ग में
नैनीताल की नीतू ने प्रथम प्राप्त किया।
इस माैके पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि इन खेलाें का आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाशक्ति, अनुशासन, संकल्प और राष्ट्रभावना का उत्सव है। उन्होंने कहा उत्तराखंड को हम देवभूमि कहते हैं यह आस्था की भूमि है, तप की भूमि है, त्याग और पराक्रम की भूमि है। परंतु आज मैं इसे युवाशक्ति की भूमि के रूप में देख रहा हूँ। हिमालय की ऊँचाइयाँ हमें ऊँचा लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मूल भावना है “राष्ट्र सर्वोपरि”। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं। मैदान में जो अनुशासन, समर्पण और टीम भावना विकसित होती है, वही आगे चलकर राष्ट्र प्रथम की चेतना को सुदृढ़ करती है। जब कोई खिलाड़ी मैदान में उतरता है, तो वह केवल स्वयं का नहीं, बल्कि अपने राज्य और अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता है।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षा और खेल—दोनों का संतुलित विकास ही संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। जो विद्यार्थी पढ़ाई में उत्कृष्ट है और खेल में सक्रिय है, वही आत्मविश्वासी, संतुलित और नेतृत्व क्षमता से युक्त नागरिक बनता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि समग्र विकास करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया है कि खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व को विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। यह महोत्सव उसी भावना का सशक्त उदाहरण है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने देश में जनभागीदारी से खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में खेल मैदानों, स्पोर्ट्स अकादमियों और प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर से ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच की तैयारी प्रारंभ होती है। आप सभी खिलाड़ी केवल इस प्रतियोगिता तक सीमित न रहें, बल्कि ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों को अपना लक्ष्य बनाएं। जब विश्व मंच पर तिरंगा लहराता है, तो वह केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का गौरव होता है।
इस माैके पर गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से खेल भावना तथा अनुशासन से खेलने का आहवान किया। उन्होंने बताया कि इस अंतर राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में 10 विश्वविद्यालयों के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो डीएस रावत, अल्मोड़ा विश्वविद्यालय के डॉ सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव दीपा विनय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी, सीएमओ डॉ केके अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के डीन, डायरेक्टर, कोच, निर्णायक, खिलाड़ी मौजूद थे।
आठ साै मी की दाैड़ में अंकित और नीतू रहे प्रथम
प्रतियोगिता के पहले दिन 800 मीटर की दाैड़ में पुरुष वर्ग में एसएसजे विश्विद्यालय अल्मोड़ा के अंकित नाथ प्रथम, श्रीदेव सुमन टिहरी गढ़वाल के आसिफ द्वितीय और एसएसजे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग की 800 मीटर दाैड़ में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की नीतू प्रथम, संस्कृति विवि हरिद्वार की चांदनी द्वितीय और एसएसजे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा

