चार दिन से लापता आईआईटी रुड़की के शोध छात्र का संदिग्ध परिस्थितियाें में गंग नहर में मिला शव
हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के एक 40 वर्षीय शोध छात्र का शव रविवार देर रात मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में आसफनगर झाल पर गंग नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह छात्र पिछले तीन चार दिन से आईआईटी स्थित होस्टल कोटले भवन से लापता बताया जा रहा है, लेकिन आईआईटी प्रशासन ने उसके लापता होने के बारे में परिजनों या पुलिस किसी को भी कोई जानकारी नहीं दी गई।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि नैनीताल वासी जवाहर लाल आर्य का बेटा मोहित आईआईटी रुड़की में इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में शोध कर रहा था। वह छठे सेमेस्टर का छात्र था। मोहित पिछले तीन चार दिनों से लापता था, लेकिन उसकी गुमशुदगी के संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार रात आसफनगर झाल पर गंग नहर से एक शव मिलने की सूचना मिली थी। शव की शिनाख्त किए जाने पर पता चला कि छात्र आईआईटी का शोध छात्र है।
एसपी देहात ने बताया कि प्रथमदृष्टया छात्र की माैत का कारण आत्महत्या नजर आ रहा है । शव पर किसी भी तरह के चोट आदि के निशान नहीं है। छात्र के परिजनों ने भी मौत को लेकर किसी तरह के आरोप नहीं लगाए है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने इस दुर्घटना के बाद मृतक के हॉस्टल के कमरे की तलाशी ली, जहां एक नोटबुक में कुछ बातें लिखी मिली हैं, जो आत्महत्या की ओर इशारा करती हैं।
एसपी देहात ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्र के लापता होने के बावजूद संस्थान या किसी अन्य स्तर पर पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई। इस संबंध में आईआईटी ने एक लिखित स्टेटमेंट जारी किया है। जिसमे आईआईटी मीडिया सैल प्रभारी सोनिका सिंह ने छात्र की माैत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा गया कि संस्थान को रविवार देर रात यह सूचना पुलिस से प्राप्त हुई है। इसके बाद छात्र के रिश्तेदारों और परिजनों ने उसकी पहचान की और संस्था पुलिस को जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

