चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में स्वच्छता अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में स्वच्छता अभियान शुरू


हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को जनपद भर में वृहद स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले तीर्थ यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।“मुख्यमंत्री का यह है सपना, साफ-स्वच्छ हो हरिद्वार अपना” संदेश के साथ पूरे जनपद में सफाई कार्य किए जा रहे हैं।

इस अभियान में सभी नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्साह के साथ भागीदारी करते हुए सफाई कार्य कराया और जनपद को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अभियान के अंतर्गत होम्योपैथी विभाग द्वारा जनपद के सभी होम्योपैथी चिकित्सालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 5.900 किलो सूखा कूड़ा और 3.680 किलो गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। वहीं आयुर्वेदिक विभाग ने भी अपने कार्यालयों और संस्थानों में सफाई अभियान चलाया।

इसके अतिरिक्त पीआरडी के माध्यम से महिला मंगल दल और युवा मंगल दल ने भी सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी की। आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय द्वारा ऋषिकुल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम, नगर पंचायत, नगर पालिका, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जहां नालियों की सफाई करते हुए बड़ी मात्रा में सूखा और गीला कूड़ा एकत्र किया गया।

इसी क्रम में सिडकुल क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जबकि बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन द्वारा सेक्टर-4 चौराहा, स्वर्ण जयंती पार्क के निकट और सेक्टर-4 स्थित खोंखा मार्केट के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story