चारधाम यात्रा के दाैरान गैस आपूर्ति, ट्रैफिक प्रबंधन व स्वच्छता पर विशेष फोकस करेगा जिला प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा के दाैरान गैस आपूर्ति, ट्रैफिक प्रबंधन व स्वच्छता पर विशेष फोकस करेगा जिला प्रशासन


जिलाधिकारी ने हाेटल एसाेसिएशन के पदाधिकारियाें के साथ की बैठक

देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा काे सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सीतापुर में होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं काे सुना और उनकी तैयारियाें की समीक्षा की। डीएम ने गैस, डीजल की आपूर्ति का आश्वासन

दिया है, लेकिन साथ में वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बैठक में हाेटल एसाेसिएशन के पदाधिकारियाें के साथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन व्यवस्था, एलपीजी गैस, डीजल व पेट्रोल की आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के चलते एलपीजी गैस की आपूर्ति में आंशिक व्यवधान की स्थिति के बावजूद शासन स्तर पर यात्रा संचालन के लिए आवश्यक गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने होटल और ढाबा संचालकों से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन स्रोत जैसे कोयला, लकड़ी व इलेक्ट्रिक इंडक्शन का भी उपयोग किया जा सकता है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी होटल संचालक एवं व्यवसायी श्रद्धालुओं को निर्धारित दरों पर ही सेवाएं एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, जिससे यात्रा की सकारात्मक छवि बनी रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना है। साथ ही स्थानीय हितधारकों की समस्याओं का भी प्रभावी समाधान किया जाए। इसी उद्देश्य से स्थानीय व्यापारियों के साथ यह आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान होटल व्यवसायियों ने गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था एवं पार्किंग की समस्या के संबंध में अपने सुझाव एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग पर शौचालयों की व्यवस्था, अवैध शराब एवं मांस बिक्री पर रोक लगाने संबंधी विषय भी उठाए गए।

जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। साथ ही डीजल भट्टियों के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित कर डीजल की सुचारू वितरण की व्यवस्था की जाएगी और आवश्यकतानुसार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन के लिए व्यापक योजना तैयार कर ली गई है, जिसे जिला प्रशासन एवं पुलिस सख्ती से लागू करेगी, ताकि श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story