चंडी देवी मंदिर प्रकरण : कोर्ट ने दिए महंत रोहित गिरी की पूर्व पत्नी सहित अन्य आठ पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 30 नवंबर (हि.स.)। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मां चंडी देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत रोहित गिरी की पूर्व पत्नी एवं अन्य आठ लोगों पर धोखाधड़ी, जालसाजी एवं षड्यंत्र रचने के मामले में श्यामपुर थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता महंत रोहित गिरी ने कोर्ट में लिखित शिकायत देकर पूर्व पत्नी गीतांजलि, भवानी नंदन गिरी सहित उसके रिश्तेदार एवं अन्य लोगों पर आपस में मिलकर षड्यंत्र के तहत मंदिर की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया था। मंदिर ट्रस्ट का नवीनीकरण, मुख्य ट्रस्टी के पद से फर्जी तरीके से इस्तीफा तैयार करने के लिए फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बैंक खाते का दुरुपयोग भी किया गया है। मामले में कोर्ट ने श्यामपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

इस संबंध में महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि पुलिस की जांच में सब साफ हो जाएगा। सोची समझी साजिश के तहत षड्यंत्र रचकर मंदिर को कब्जाने की कोशिश की गई है। उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story