ग्राम प्रधान के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में ग्राम प्रधान के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गोली की आवाज और कमरे में उसका खून से लथपथ शव जमीन में पड़ा हाेने से संबंधित इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा खुर्द गांव के ग्राम प्रधान सहदेव सिंह का भाई नकुल पिछले काफी समय से देहरादून में रह रहा था। वह कुछ दिन पूर्व ही गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब दो बजे नकुल ने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया और अंदर से गोली चलने की आवाज आई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन घबरा गए और तुरंत कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा खुलने पर नकुल को लहूलुहान हालत में पड़ा देख परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएसआई लोकपाल परमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह पता चल पाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story